टोरंटो। भारत में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कई देश भारतीयों की एंट्री पर रोक लगा चुके हैं। इसी कड़ी में अब कैनेडा ने भी भारतीयों की एंट्री पर रोक लगा दी है। गुरुवार रात से भारत से आने वाली सभी कॉमर्शियल और प्राइवेट पैसेंजर फ्लाइट्स तीस दिनों के लिए निलंबित करने का एलान किया गया। अब 30 दिनों तक इनकी एंट्री पर बैन रहेगा। असल में भारत में मिल रहे डबल म्युटेंट वायरस के बाद कैनेडा के प्रधानमंत्री पर यह फैसला लेने का दबाव था। कई राज्यों की ओर से इसकी मांग की गई थी। कैनेडा ने पाकिस्तान से आने वाली फ्लाइट पर भी रोक लगा दी है। कैनेडा के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की ओर से जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि गुरुवार रात को 11:30 बजे से यह बैन लागू होगा। इसके अलावा भारत से अलग किसी अन्य देश से कैनेडा पहुंचने वाले भारतीयों की एंट्री पर भी एक शर्त लगाई गई है। इन लोगों को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी, उसके बाद ही कैनेडा में एंट्री मिल पाएगी।



