नई दिल्ली। भारत में बेरोजगारी दर फरवरी 2019 में 7.2 फीसदी रही। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2016 के बाद यह सबसे अधिक बेरोजगारी दर है। वहीं, पिछले साल फरवरी 2018 में बेरोजगारी दर 5.9 फीसदी थी। सीएमआईई ने यह आंकड़ा मंगलवार को जारी किया। बेरोजगारी दर में इतनी भारी बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब जॉब खोजने वालों की संख्या कम हुई है। मुंबई के थिंक टैंक के प्रमुख महेश व्यास ने रॉयटर्स को बताया कि पिछले साल फरवरी में 40.6 करोड़ लोग काम कर रहे थे जबकि इस साल यह आंकड़ा 40 करोड़ है। सीएसआईई ने यह आंकड़ें देश भर के हजारों परिवारों पर किए सर्वे के आधार पर जारी किए हैं। यह आंकड़ें सरकारी डेटा से ज्यादा विश्वसनीय माने जा रहे हैं। इस साल मई में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में यह आंकड़ें मोदी सरकार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर सकते हैं।



