314 Views

भारतीय सेना की जानकारी के लिए पाकिस्तान ने शुरू किया ‘फर्जी कॉल’

बीकानेर/जैसलमेर। पुलवामा अटैक के जवाब में इंडियन एयरफोर्स की एयर स्ट्राइक के बाद सरहद पर बढ़ते तनाव और युद्ध की संभावित खतरे को देखते हुए पाकिस्तान ने ‘नंबर दो पैंतरे’ का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पाकिस्तान की इंटेलिजेंस एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी लेने के लिए फर्जी फोन कॉल करना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान ने इंटरनैशनल बॉर्डर से लगे पुलिस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और पंचायत ऑफिसों में फर्जी फोन कर सीमा पर सेना तथा बीएसएफ की गतिविधियों का पता लगाने का काम शुरू कर दिया है। पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) ने सीमा से सटे बीकानेर जिले के दो पुलिस स्टेशनों में फोन किया। खुद को सीनियर अधिकारी बताते हुए किए गए फर्जी फोन कॉल के जरिए पाकिस्तान ने भारतीय सेना की ऐक्टिविटी जानने का ‘नापाक’ खेल शुरू कर दिया है।
हालांकि बीकानेर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। बीकानेर रेंज के आईजी बी.एल. मीणा ने कहा, ‘यह सच है कि बीकानेर के दो पुलिस स्टेशन में पाकिस्तान की साइड से फेक कॉस्ल की गई। हमारा स्टाफ पूरी तरह से अलर्ट है और ऐसे फोन कॉल्स पर कोई भी रेस्पॉन्स नहीं दिया गया। जिन नंबरों से कॉल आई, उन्हें सर्विलांस के लिए भेज दिया गया है।’ आईजी मीणा ने कहा कि एसपी, अडिशनल एसपी और अन्य सरकारी अधिकारियों को भी इस तरह की किसी भी कॉल्स के प्रति अलर्ट रहने की हिदायत दे दी गई है। एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘पाकिस्तान का यह पुराना पैंतरा है। वे फर्जी फोन कॉल्स के जरिए रेलवे स्टेशन मास्टरों, पोस्ट ऑफिस अटेंडेट, आम नागरिकों को कॉल करते हैं और भारतीय सेना के मूवमेंट के बारे में जानकारी लेना चाहते हैं।’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top