इटावा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव(Shivpal Yadav) ने सोमवार को सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव(Ramgopal Yadav) के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव बड़े भाई हैं, वह पीट भी सकते हैं और पिटवा भी सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बड़े भाई रामगोपाल ने ही समाजवादी आन्दोलन को पलीता लगाया है। यह भी कहा कि उनका कितना जनाधार है, यह सभी लोग जानते हैं। चौगुर्जी स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने गठबंधन के सवाल पर कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी लोग मिलकर चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि सेक्युलर मोर्चा के बिना भाजपा को हराया नहीं जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि बहुजन मुक्ति मोर्चा जैसी 40 से ज्यादा छोटी पार्टिंयां उनके साथ हैं और वह चाहते हैं कि सब लोग मिलकर गठबंधन बनाएं। इसके लिए कांग्रेस से भी सम्पर्क किया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि प्रसपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है, जिसकी वजह से सभी लोग घबराए हुए हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) को आज भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया गया। चुनाव आयोग द्वारा प्रसपा (लोहिया) को चुनाव चिन्ह ‘चाभी’ का आवंटन किया गया। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने इस पर भारतीय चुनाव आयोग का आभार जताया।
106 Views