127 Views

यौन उत्पीड़न के आरोप पर कंपनी से सस्पेंड असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट की खुदकुशी

ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित पैरामाउंट सोसायटी में रहने वाले जेनपैक्ट कंपनी के सहायक उपाध्यक्ष स्वरूप राज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यौन उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद कंपनी ने जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित कर दिया था। पुलिस ने मौके से अंग्रेजी में लिखा सूइसाइड नोट बरामद किया है। पत्नी के नाम लिखे इस नोट में स्वरूप ने लिखा है कि उन पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे हैं। यदि जांच में उन्हें निर्दोष भी घोषित कर दिया गया, फिर भी आरोप लगने की वजह से लोग शक की निगाह से देखेंगे, वह कैसे दोबारा कंपनी जाएंगे।
मूलरूप से गुड़गांव के रहने वाले स्वरूप राज यहां पत्नी के साथ रहते थे। कंपनी में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस वजह से कंपनी प्रबंधन ने जांच पूरी होने तक उन्हें नौकरी से निलंबित कर कंपनी की तरफ से दिया गया लैपटॉप वापस ले लिया था। निलंबन पत्र में कंपनी प्रबंधन ने कहा था कि जांच पूरी होने तक वह कंपनी के किसी भी काम में हिस्सा नहीं ले सकते हैं। इस घटना से स्वरूप राज मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने सोमवार रात करीब 12 बजे घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने घर पहुंचकर देखा कि स्वरूप पंखे से लटके हैं। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पत्नी के नाम लिखे गए सूइसाइड नोट में उन्होंने यह भी लिखा है कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करते हैं। उन्होंने लिखा है कि वह चाहते है कि उनकी पत्नी समाज में इज्जत से जिएं और मजबूत रहें। स्वरूप राज की शादी दो साल पहले ही हुई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top