150 Views

10 दिन में किसान कर्जमाफी, कांग्रेस पर पीएम मोदी ने यूं बोला हमला

रायबरेली। पीएम मोदी ने रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए किसान और कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्जमाफी के नाम पर किसानों से झूठ बोलती है। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने सरकार बनने के 10 दिन के अंदर किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है। नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि अगर औद्योगिक घरानों का कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों का क्यों नहीं माफ हो सकता। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में सरकार आने के 10 दिन में कर्ज माफ करने की बात कही गई थी लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद 1000 किसानों का भी कर्ज नहीं माफ हो पाया है। उन्होंने कहा कि अदालतें किसानों पर कार्रवाई कर रही हैं लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के राज में ना ही जवानों की बात की जाती है और ना ही किसानों की लेकिन हमने किसानों की परेशानियों को समझते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए नीतियां बनाकर उन्हें लागू किया। एमएसपी पर लिए गए हमारे एक फैसले से देश के किसानों को 60 हजार करोड़ रुपये का फायदा होना तय हुआ है।’ उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए एमएसपी पर स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट को लागू किया, खरीफ और रबी की 22 फसलों पर एमएसपी को सुनिश्चित किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में किसान बीमा के लिए 15% प्रीमियम लिया जाता था, बीजेपी सरकार ने फसल बीमा योजना के तहत 1 से 5% प्रीमियम लिया, 8000 करोड़ लेकर 33000 करोड़ रुपए फसल खराब होने पर उन्हें दिए गए। उन्होंने कहा कि 70 साल में पहली बार अगर किसी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के बारे में सोचा है तो वह बीजेपी सरकार ने सोचा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top