147 Views

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने वोटशेयर में 8.5% का गैप पाटकर खत्म किया 15 सालों का वनवास

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांटे की लड़ाई में आखिरकार बाजी कांग्रेस के हाथ लगी है। कांग्रेस 114 सीटों के साथ भले ही साधारण बहुमत से 2 सीट पीछे रह गई लेकिन बीएसपी, एसपी और निर्दलियों की वजह से सत्ता अब उसके हाथ में है। बीजेपी को 109 सीटें मिली हैं। खास बात यह है कि 2013 के मुकाबले इस बार कांग्रेस के वोटशेयर में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। 2013 में कांग्रेस (36.38%) का वोटशेयर बीजेपी (44.88%) से 8.5% कम था। इस बार, कांग्रेस ने उस अंतर को पाट दिया है। इस बार बीजेपी का वोटशेयर 41 प्रतिशत है और कांग्रेस का वोटशेयर 40.9 प्रतिशत है यानी 0.1 प्रतिशत का अंतर। पिछली बार के मुकाबले बीजेपी के वोटशेयर में 3.88 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं, कांग्रेस का वोटशेयर 4.52 प्रतिशत बढ़ा है।
बीजेपी 15 सालों से सत्ता में थी। ऐंटी-इन्कंबेसी के अंडरकरंट और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा किसानों के कर्जमाफी के वादे की युगलबंदी से, यह अनुमान लगाया जा रहा था कि किसानों के 70 प्रतिशत वोटबैंक की बदौलत कांग्रेस मध्य प्रदेश में स्वीप करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ लगातार कहते रहे कि पार्टी को 140 से कम सीटें नहीं मिलेंगी। कमलनाथ ने जैसा दावा किया, वैसी जीत तो नहीं मिली लेकिन कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह की तिकड़ी ने सूबे की सत्ता से कांग्रेस के 15 सालों का वनवास खत्म कर ही दिया। मुद्दत बाद, सूबे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खुलकर जश्न मनाने का मौका मिला है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top