47 Views

शराब पॉलिसी केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार, भाजपा और विरोधी दलों में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी

नई दिल्ली। महीनों चली उठा पटक के पश्चात प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत द्वारा राहत न दिए जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के पश्चात भारतीय राजनीति में भूचाल आ गया है। एक तरफ जहां भाजपा और सहयोगी दल इसे उनके कर्मों का फल बता रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी सहित अन्य विरोधी दल केजरीवाल की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी।
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए, शरद पवार ने कहा कि आप देख रहे हैं कि कैसे केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों और उनके नेताओं के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी की आलोचना की।
पंजाब सीएम भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गए। आप ने पंजाब में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है।
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने केजरीवाल की सुरक्षा पर चिंता जाहिर करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, देश में पहली बार एक सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ़्तार किया गया है। अरविंद केजरीवाल के पास जेड प्लस सुरक्षा कवर है। अब वो केंद्र सरकार की ईडी की कस्टडी में हैं। हमें उनकी सेफ्टी और सिक्युरिटी की चिंता है।
आतिशी के पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट कर कहा, आज उन्हें भी सुरक्षा की चिंता हो रही जो राजनीति में ही यह कह कर आए थे कि सुरक्षा, गाड़ी, बंगला नहीं लूंगा। गाड़ी नहीं ली, सीधा चार्टर्ड प्लेन लिया, बंगला की जगह शीशमहल लिया और अब सुरक्षा जेड प्लस वाली तिहाड़ में भी चाहिए? आप के नेताओं को ध्यान देना चाहिए कि तिहाड़ जेल का प्रशासन उनके पास है और आप को पहले सत्येंद्र जैन को मसाज उपलब्ध कराने का अनुभव भी है? कुछ भी बोल देने से, बरगलाने से काम नहीं चलेगा, जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जल्द ही दूध का दूध और शराब का शराब हो जाएगा।

Scroll to Top