ओटावा। यूक्रेन पर रूसी हमले के दो वर्ष पूरे होने पर विदेश मंत्री मेलानी जोली ने शुक्रवार को घोषणा की कि कैनेडा १० और रूसी लोगों तथा १५३ अतिरिक्त रूसी संस्थाओं पर प्रतिबंध लगा रहा है।
विदेश मंत्री मेलानी जोली ने संयुक्त राज्य अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम के समन्वय में रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की। यूरोपीय संघ ने भी शुक्रवार को नए प्रतिबंधों की घोषणा की।
एक मीडिया बयान में, जोली ने कहा कि यह नये प्रतिबंध रूस और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए”एक स्पष्ट संदेश” हैं।
उन्होंने कहा, “हम यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े हैं क्योंकि वे पुतिन की अनुचित और आक्रामक कार्रवाइयों के सामने बहादुरी से अपने अधिकारों की रक्षा कर रहे हैं।”
“जब तक यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पूरी तरह से बहाल नहीं हो जाती, हम रूसी सरकार के खिलाफ विघटनकारी उपायों का उपयोग करना जारी रखेंगे, उसकी अवैध युद्ध छेड़ने की क्षमता को लक्षित करेंगे।”
ओटावा में रूस के दूतावास ने इन प्रतिबंधों को तुरंत खारिज कर दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा गया, “ट्रूडो कैबिनेट द्वारा प्रतिबंधों का एक और दौर इस तरह के सभी पिछले उपायों की तरह अर्थहीन है।”
इसी तरह के बयान लंदन और ब्रुसेल्स में रूस के मिशनों द्वारा पोस्ट किए गए थे। ब्रिटेन ने शुक्रवार को अपनी प्रतिबंध सूची में लगभग ५० नाम जोड़े और यूरोपीय संघ ने लगभग २०० नाम जोड़े।



