172 Views

महिला स्नानघर, चेंजिंग रूम, खेल में ट्रांसजेंडर महिलाओं के ख़िलाफ़ पॉलीव्रे

ओटावा। कंज़र्वेटिव नेता पियरे पॉलीव्रे का कहना है कि उनके विचार से “बायोलॉजिकल मेल्स अर्थात जैविक पुरुषों” के लिए महिला खेल या चेंजिंग रूम में कोई जगह नहीं है।
बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में पियरे पॉलीव्रे से पूछा गया कि क्या ट्रांसजेंडर महिलाओं को महिलाओं के लिए चिह्नित स्थानों में अनुमति दी जानी चाहिए और क्या वह इसे रोकने के लिए कोई कानून पेश करेंगे। जिसके जवाब में उन्होंने उपरोक्त बात कही।
पोलिव्रे ने कहा कि उनका मानना है कि “महिलाओं के लिए स्थान विशेष रूप से महिलाओं के लिए होना चाहिए, न कि जैविक पुरुषों के लिए।”
उनका यह बयान उस नीतिगत प्रस्ताव के अनुरूप है जिसके लिए कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों ने पिछले सत्र में अपने सम्मेलन में मतदान किया था, जिसमें कहा गया है कि महिलाओं को जेलों, स्नानघरों और खेल जैसे क्षेत्रों में “सिंगल-सेक्स स्थानों” तक पहुंच होनी चाहिए।
पोलिव्रे ने कहा कि विचाराधीन कई स्थान प्रांतों और नगर पालिकाओं द्वारा नियंत्रित हैं, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि फेडरल सरकार क्या भूमिका निभा सकती है।
पोलिव्रे ने कहा, “जब बच्चे वयस्क हों तो उन्हें अपने शरीर के बारे में ऐसे विकल्प चुनने में सक्षम होना चाहिए।” “लेकिन जाहिर है, महिला खेल, महिला चेंजिंग रूम, महिला बाथरूम, महिलाओं के लिए होने चाहिए – जैविक पुरुषों के लिए नहीं।”
गौरतलब है कि प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने प्रीमियर्स और पोलिव्रे पर ट्रांसजेंडर अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
एनडीपी नेता जगमीत सिंह ने कहा कि पोलिव्रे के बयान से पता चलता है कि उन्हें देश की महिलाओं की स्थिति और उनके अधिकारों की कोई परवाह नहीं है।
सिंह ने बुधवार को टोरंटो में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वह वास्तव में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में गंभीर नहीं हैं।”
सिंह ने कहा, “महिलाओं को असली ख़तरा पुरुष साझेदारों से होता है।” उन्होंने आगे कहा, “खेलों में महिलाओं के ख़िलाफ़ असली ख़तरा भेदभावपूर्ण वेतन और कोचों द्वारा महिलाओं के ख़िलाफ़ हिंसा है।”

Scroll to Top