131 Views

ग़ाज़ा में फिलीस्तीनियों की मौत का आंकड़ा २७ हजार से अधिक : स्वास्थ्य मंत्रालय

ग़ाज़ा । ग़ाज़ा पट्टी पर चल रहे इजरायली हमलों में फिलीस्तीनियों की मौत का आंकड़ा २७,००० से अधिक हो गया है। ग़ाज़ा स्थित स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि इजरायली सेना ने पिछले २४ घंटों के दौरान पट्टी में ११८ फिलिस्तीनियों को मार डाला और १९० अन्य को घायल कर दिया।
इसमें कहा गया है कि ७ अक्टूबर, २०२३ को इजऱाइल-हमास संघर्ष शुरू होने के बाद से फिलिस्तीनी क्षेत्र में मौतों की कुल संख्या २७,०१९ और घायलों की संख्या ६६,१३९ हो गई है।
मंत्रालय ने संकेत दिया कि मलबे के नीचे और सड़कों पर अभी भी हजारों पीडित हैं, क्योंकि इजरायली सेना एम्बुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल को उन तक पहुंचने से रोकती है।
इस बीच, आधिकारिक फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएफए के अनुसार, लगातार ११वें दिन दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में अल-अमल अस्पताल के पास और फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के आसपास इजरायली गोलाबारी जारी है।

Scroll to Top