124 Views

हवाई टिकट के खर्चे में बचत करने का झांसा देकर दलाल ने की ठगी, भारतीय मूल के परिवार को लगी हजारों डॉलर की चपत

ओटावा। ओकविल निवासी भारतीय मूल के एक परिवार को हवाई टिकटों पर दलाल के झांसे में आकर बचत करना महंगा पड़ गया। दलाल ने पैसे लेने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया जिसके कारण परिवार को न केवल अतिरिक्त खर्च करना पड़ा बल्कि यात्रा में भी भारी परेशानी उठानी पड़ी।
ओकविल निवासी बालदीप मान ने बताया कि उन्होंने दुबई तथा भारत की यात्रा करने का प्लान बनाया था जिसके लिए वह अपने बेटे के कहने पर एक दलाल के संपर्क में आए।
मान ने कहा,”हमने कीमतों की जांच की और पाया कि हम काफी पैसे बचा सकते हैं।”
उन्होंने $९,२४० में चार टिकट खरीदे – एक अपने लिए, अपनी पत्नी और दो बेटों के लिए। टिकट उन्हें पिछले जुलाई में टोरंटो से दुबई से भारत तक मिलने वाले थे, और उनकी वापसी टिकट उनकी तीन सप्ताह की छुट्टी खत्म होने के बाद अगस्त में मिलने वाली थी।
लेकिन जब घर जाने का समय हुआ तो टिकट दलाल ने उनसे सभी संपर्क तोड़ दिए। मान ने बताया कि दलाल ने उनके किसी फोन कॉल, मैसेज या ईमेल का जवाब नहीं दिया तो उन्हें मजबूर होकर सीधे टिकट खरीदने पड़े। साथ ही उन्हें यात्रा में अधिक समय भी लगा। इस प्रकार कुल मिलाकर उन्हें लगभग २४,००० हजार डॉलर खर्च करने पड़े।
मान का दावा है कि जिस टिकट दलाल ने उनके साथ घोटाला किया था उसने कथित तौर पर एक डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उड़ान भरने वाले एक बड़े समूह के साथ भी घोटाला किया था।
मान ने कहा, “उन्होंने एक डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए ग्रेटर टोरंटो एरिया से वैंकूवर जाने के लिए १०० टिकट बुक किए और उन्हें अपने टिकट भी नहीं मिले।”
ट्रैवल इंडस्ट्री कौंसिल ऑफ़ ओंटारियो (टीआईसीओ) के अध्यक्ष और सीईओ रिचर्ड स्मार्ट ने कहा कि उपभोक्ताओं को फर्जी ट्रैवल एजेंटों से निपटने के प्रति सावधान रहने की जरूरत है जो दावा करते हैं कि वे आपको एयरलाइन टिकटों पर बड़ा डिस्काउंट दिला सकते हैं। टीआईसीओ प्रांत का ट्रैवल नियामक है जो ट्रैवल एजेंसियों, टूर समूहों और वेबसाइटों की देखरेख करता है।

Scroll to Top