49 Views

आप और कांग्रेस का तालमेल!

जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं का एक वर्ग ऐसा है, जो मान रहे हैं कि पार्टी को किसी हाल में आम आदमी पार्टी के साथ तालमेल नहीं करना चाहिए। उनका तर्क है कि कांग्रेस ने २०१३ के दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी को समर्थन देकर उसकी सरकार बनवाई थी इसका नतीजा यह हुआ है कि २०१५ के चुनाव में कांग्रेस का पूरा वोट आप को ट्रांसफर हो गया और कांग्रेस साफ हो गई। पिछले दो लोकसभा और दो विधानसभा चुनावों में दिल्ली में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। इस आधार पर कुछ नेताओं का मानना है कि कांग्रेस का विकल्प बनने की कोशिश कर रही आप से तालमेल आत्मघाती हो सकता है।
लेकिन दूसरी ओर ज्यादातर नेता तालमेल के पक्ष में हैं। वे पंजाब, गोवा और गुजरात की मिसाल दे रहे हैं, जहां कांग्रेस ने आप को समर्थन नहीं दिया था फिर भी वह काफी सफल रही। पंजाब में तो उसने ११७ में से ९२ सीटें जीत कर रिकॉर्ड बनाया है। गोवा में भी वह दो सीट जीत गई और गुजरात में उसे भले पांच ही सीटें मिलीं लेकिन उसने कांग्रेस के १३ फीसदी वोट काट लिए। इस आधार पर तालमेल का समर्थन करने वाले नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को सबसे पहले यह चिंता करनी चाहिए कि वह कैसे मजबूत होगी। अगर तालमेल करने से लोकसभा में कांग्रेस की सीटें बढ़ती हैं तो उस पर ध्यान देना चाहिए।
सो, माना जा रहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तालमेल हो जाएगा। दोनों के बीच दो दौर की बातचीत हुई है और दिल्ली व पंजाब दोनों को लेकर सकारात्मक नतीजे की संभावना जताई जा रही है। दूसरे दौर की बातचीत में राघव चड्ढा भी शामिल हुए, जिसका मतलब है कि पंजाब को लेकर बात आगे बढ़ी है। कांग्रेस दोनों राज्यों में बराबर सीटों पर लडऩे को तैयार है। दोनों राज्यों की २० सीटें हैं और दोनों पार्टियां १०-१० सीटें लड़ सकती हैं। आम आदमी पार्टी गोवा में भी सीट मांग रही है। लेकिन वहां शायद कांग्रेस दोनों सीटों पर लड़ेगी। लेकिन वह गुजरात और हरियाणा में आम आदमी पार्टी को कुछ सीटें दे सकती है। अगली बातचीत में सीटों की संख्या पर सहमति बन सकती है।

Scroll to Top