ओटावा। प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बुधवार को कहा कि कैनेडा अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय का समर्थन करता है और इजराइल के खिलाफ नरसंहार के आरोप पर विचार-विमर्श कर रहा है और सावधानीपूर्वक नजर रख रहा है।
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कैनेडा इस आरोप से सहमत है या नहीं, या फिर अगर इस्राइल को नरसंहार का दोषी पाया जाता है तो कैनेडा अदालत के फैसले को मान्यता देगा या नहीं।
ट्रूडो ने न्यू ब्रंसविक में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मैं इस पर टिप्पणी नहीं करने जा रहा हूं कि जिस प्रक्रिया का हम समर्थन करते हैं, उसका अंतिम निष्कर्ष क्या हो सकता है।”
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका द्वारा गाजा क्षेत्र में इजरायल पर युद्ध अपराधों का आरोप लगाए जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत ने पिछले सप्ताह दो दिनों की सार्वजनिक सुनवाई की।
दक्षिण अफ्रीका ने कहा कि वह अक्टूबर में इज़राइल में क्रूर हमले के लिए हमास की निंदा करता है, लेकिन गाजा में इज़राइल की प्रतिक्रिया के पैमाने का कोई औचित्य नहीं है। इसने अदालत से इजराइल को फिलिस्तीनी क्षेत्र पर हमले बंद करने का आदेश देने को कहा है।
वहीं इज़राइल ने नरसंहार के दावे को सिरे से खारिज कर दिया और अदालत में तर्क दिया कि दक्षिण अफ्रीका का दावा “विकृत” है और उसे हमास के खिलाफ अपना बचाव करने का अधिकार है।
बुधवार को, फ्रांस और कतर की मध्यस्थता से हुए एक समझौते में, बंधकों और फिलिस्तीनियों दोनों के लिए गाजा में दवा की खेप पहुंचाई गई।
गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय, जो हमास द्वारा संचालित है, का कहना है कि अब तक इस संघर्ष में क्षेत्र के २४,००० से अधिक लोग मारे गए हैं।



