200 Views

फ्लाइट टेक ऑफ करने से पहले ही केबिन का दरवाजा खोलकर कूदा यात्री, मचा हड़कंप

टोरंटो। एयर कैनेडा की उड़ान भरने के दौरान एक अजीब मामला सामने आया है। जब यात्रियों से भरी फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी। तब फ्लाइट के टेक ऑफ करने से पहले ही एक यात्री अचानक केबिन का दरवाजा खोलकर नीचे कूद गया। यात्री के कूदने की इस घटना से विमान में हड़कंप मच गया। वह यात्री केबिन का दरवाजा खोलकर करीब २० फीट की हाइट से कूदा। इस हादसे में उसे हल्की चोटें आई हैं।
एयर कैनेडा की उड़ान के दौरान विमान से यात्री कूदने का यह मामला ८ जनवरी का है, जब यात्री टोरंटो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान में चढ़ा। लेकिन बाद में अपनी सीट पर बैठने की बजाय केबिन का दरवाजा खोलकर उसमें से बाहर कूद गया। हादसे के बाद क्षेत्रीय पुलिस और आपातकाल सेवाओं को घटनास्थल पर बुलाया गया। एयर कैनेडा वेबसाइट के अनुसार, इस घटना के कारण बोइंग ७४७ के उड़ान भरने में छह घंटे की देरी हुई।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, ‘इस मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। उनकी चोट कितनी गहरी है, इसके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।’ फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यात्री की इस हरकत के कारण उसे गिरफ्तार किया जाएगा या नहीं।
आपको बता दें कि इस हादसे के कुछ दिन पहले ही एक एयर कैनेडा की फ्लाइट में १६ वर्षीय यात्री ने एक परिवार पर हमला किया था। इस घटना के कारण अन्य यात्रियों को ३ घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने बताया कि जब विमान टोरंटो से कैलगरी जा रहा था, तब यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि १६ वर्षीय यात्री को अन्य यात्रियों और स्टाफ ने रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि इस हमले में परिवार के सदस्यों को चोटें भी आई थी।

Scroll to Top