टोरंटो,०३ जनवरी। पश्चिमी टोरंटो के यॉर्क इलाके में मंगलवार रात हुई गोलीबारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है।
यह घटना एलायंस एवेन्यू के पास हम्बर बुलेवार्ड पर रॉकक्लिफ-स्मिथ नेबरहुड में हुई।
टोरंटो पुलिस ने कहा कि उन्हें रात ९ बजे से कुछ देर पहले घटनास्थल पर बुलाया गया था।
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि उन्हें एक पीड़ित मिला जिसे गोली लगी थी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल भिजवाया तथा घटना की जांच शुरू की। पीड़ित की आयु २० वर्ष बताई जाती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार संदिग्ध की तलाश की जा रही है हालांकि उसका कोई विवरण जारी नहीं किया गया है। पुलिस घटना को टार्गेटेड क्राइम मानकर चल रही है। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी रखने वाले व्यक्तियों से पुलिस या क्राइम स्टॉपर्स को सूचित करने का आग्रह किया है।



