153 Views

पहलवानों के अखाड़े पहुंचे राहुल गांधी, रेसलिंग फेडरेशन विवाद के बीच दीपक पुनिया व बजरंग पुनिया से की मुलाकात

नई दिल्ली ,२८ दिसंबर । पहलवानों और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच लगातार खींचतान जारी है। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहलवानों से मिलने हरियाणा के पहलवान दीपक पूनिया के गांव पहुंचे।
आपको बता दें कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवान लगातार एक्शन की मांग कर रहे हैं। पहलवानों का कहना कि यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण सिंह के खिलाफ सरकार सख्त एक्शन लें।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चुनाव में जब बृजभूषण के करीबी संजय सिंह को अध्यक्ष चुना गया तो विरोध में साक्षी मलिक ने कुश्ती छोडऩे का ऐलान कर दिया, जबकि बजरंग पुनिया ने अपना पद्म श्री पीएम आवास के सामने फुटपाथ पर छोड़ दिया। इसके बाद सरकार ने फेडरेशन को ही सस्पेंड कर दिया। इस बीच विनेश फोगाट ने भी अपना अर्जुन अवार्ड और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न छोडऩे की घोषणा कर दी। वहीं, बुधवार को राहुल गांधी पहलवानों से मिलने वीरेंद्र अखाड़ा पहुंचे।
राहुल गांधी ने झज्जर जिले के छारा गांव में पहुंचकर वीरेंद्र अखाड़े में वहां मौजूद पहलवानों से मुलाकात की। इस दौरान बजरंग पूनिया भी मौके पर मौजूद दिखे। जानकारी दे दें कि छारा गांव के वीरेंद्र अखाड़े से ही दीपक व बजरंग पूनिया ने अपनी कुश्ती की शुरूआत की थी। छारा गांव दीपक पुनिया का गांव है। इसको लेकर बजरंग पुनिया ने कहा कि राहुल गांधी हमारे रेसलिंग रूटीन देखने आए थे। उन्होंने यहां रेसलिंग भी की। राहुल गांधी यहां दिन-ब-दिन की एक रेसलर की एक्टिविटी देखने आए थे।

Scroll to Top