जम्मू ,२८ दिसंबर । कश्मीर में फिर बड़े हमले की साजिश नाकाम हो गई। श्रीनगर बारामूला हाईवे पर लवीपोरा इलाके में आईईडी बम मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंच इसे डिफ्यूज किया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
आपको बता दें कि पुंछ हमले के बाद से जम्मू कश्मीर में सेना हाई अलर्ट पर है और आतंकियों की खोज में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
४ दिन पहले यानी २४ दिसंबर को आतंकियों ने बारामूला में एक रिटायर्ड अफसर को भी निशाना बनाया था। बारामूला के गेंटमुल्ला में आतंकियों ने मस्जिद में घुसकर रिटायर्ड एसएसपी की गोली मारकर हत्या की थी। आतंकियों ने रिटायर्ड एएसपी मोहम्मद शफी पर तब फायरिंग की, जब वह मस्जिद में अजान पढ़ रहे थे। इससे पहले २१ दिसंबर को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सेना की दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया था। इस आतंकी हमले में ४ जवान शहीद हो गए थे।
हमले की समीक्षा करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे। वे बुधवार सुबह १२ बजे जम्मू पहुंचेंगे, जहां से वे पुंछ और राजौरी गये और हमले वाली जगह पर जाकर जायजा लिया। रक्षा मंत्री ने कमांडरों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की।



