103 Views

सूरत की भव्यता में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ डायमंड जुड़ा:मोदी -पीएम ने सूरत डायमंड बोर्स का किया उद्घाटन

नई दिल्ली,१८ दिसंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय हीरा और आभूषण कारोबार के लिए दुनिया के सबसे बड़े और आधुनिक केंद्र सूरत डायमंड बोर्स का रविवार को उद्घाटन किया. दुनिया के सबसे बड़े कार्यालय परिसर वाली सूरत डायमंड बोर्स (एसडीबी) इमारत ६७ लाख वर्ग फुट से अधिक के क्षेत्र में फैली है और सूरत शहर के समीप खजोद गांव में स्थित है.
पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, सूरत शहर की भव्यता में एक और डायमंड जुड़ गया है. और डायमंड भी छोटा-मोटा नहीं है बल्कि दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है.
पीएम मोदी ने कहा, सूरत का नाम दुनिया के सबसे तेजी से आगे बढ़ते टॉप-१० शहरों में है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ-साथ आभूषणों के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा. बयान में कहा गया है कि इसमें आयात और निर्यात के लिए एक अत्याधुनिक सीमा शुल्क मंजूरी गृह, खुदरा आभूषण व्यवसाय के लिए आभूषण मॉल और अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग की सुविधा होगी.
एसडीबी डायमंड रिसर्च एंड मर्केंटाइल (ड्रीम) सिटी का हिस्सा है. गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने फरवरी २०१५ में एसडीबी और ड्रीम सिटी परियोजना की नींव रखी थी.
एक विज्ञप्ति के अनुसार, एसडीबी अब दुनिया का सबसे बड़ा कार्यालय भवन है जिसमें करीब ४,५०० हीरा व्यापार कार्यालय हैं. यह विशाल इमारत ड्रीम सिटी के भीतर ३५.५४ एकड़ जमीन पर बनी है जिसमें ३०० वर्ग फुट से लेकर एक लाख वर्ग फुट तक के कार्यालयों के साथ १५ मंजिल वाले नौ टावर हैं.
प्रधानमंत्री ने गुजरात में सूरत हवाई अड्डे की नए टर्मिनल भवन का भी रविवार को उद्घाटन किया. हवाई अड्डे की नए एकीकृत टर्मिनल भवन में व्यस्त समय के दौरान १,२०० घरेलू यात्रियों और ६०० अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की क्षमता है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इसमें व्यस्त समय के दौरान अपनी क्षमता को ३,००० यात्रियों तक बढ़ाने की व्यवस्था है.
इसके साथ ही इस हवाई अड्डे की यात्रियों को संभालने की वार्षिक क्षमता बढ़कर अब ५५ लाख यात्रियों तक हो गई है. टर्मिनल भवन को स्थानीय संस्कृति और विरासत के अनुरूप डिजाइन किया गया है.

Scroll to Top