–दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा डिप्टी होंगे सीएम
–वासुदेव देवनानी होंगे स्पीकर
जयपुर ,१३ दिसंबर । राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई है. पार्टी विधायक दल ने भजनलाल शर्मा को चुना है. शर्मा ब्राह्मण चेहरा हैं, वो राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. शर्मा पहली बार विधायक बने हैं. उन्होंने सांगानेर से जीत हासिल की है.
राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान बीजेपी विधायक दल की बैठक में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के द्वारा भजनलाल शर्मा का नाम प्रस्तावित किया गया. जिसपर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति दी. दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा डिप्टी सीएम होंगे. वासुदेव देवनानी स्पीकर होंगे.
बीजेपी ने अशोक लाहोटी का टिकट काटकर भजनलाल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा था. इसके बाद लाहोटी के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, लेकिन शर्मा ने कांग्रेस के उम्मीदवार पुष्पेंद्र भारद्वाज को ४८ हजार ८१ वोटों से शिकस्त देकर चौंका दिया. पुष्पेंद्र भारद्वाज को यहां से ९७ हजार ८१ मत मिले थे तो वहीं भजनलाल शर्मा के खाते में १ लाख ४५ हजार १६२ वोट गए.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संघ के करीबी भजनलाल शर्मा के कारण अशोक लाहोटी का टिकट कटा. अब ब्राह्मण चेहरा शर्मा को पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाया है. इससे पहले तक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम सीएम की रेस में सबसे आगे माना जा रहा था. राजे पहली बार मुख्यमंत्री दिसंबर २००३ में चुनी गई थी. वहीं दूसरी बार उन्होंने राज्य की कमान २०१३ में संभाली.
भजनलाल शर्मा ने सीएम चुने पर कहा, ”मैं इतना विश्वास दिलाना चाहता हूं कि राजस्थान की यह जो टीम है. राजस्थान के जो हमारे सभी विधायक हैं..निश्चित रूप हमसे, बीजेपी से जो राजस्थान की अपेक्षा है, हम यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम राजस्थान का पूरी तरह से सर्वांगीण विकास निश्चित रूप से पूरा करेंगे. यह मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं.”
भजनलाल शर्मा बीजेपी के प्रदेश महासचिव हैं. उनके पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है. वो संघ के करीबी माने जाते हैं. वह भरतपुर जिले के रहने वाले हैं. आपको बता दें कि राजस्थान की २०० सीटों में से १९९ पर हुए चुनाव में बीजेपी ने ११५ पर जीत हासिल की थी.



