नई दिल्ली,२४ नवंबर। गुरुवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी२० मैचों की श्रृंखला का पहला मैच विशाखापट्टनम में खेला गया। भारत ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
भारत की ओर से नए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने २० ओवर में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर २०८ रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इंगलिश ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने स्टीव स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए १३० रन की साझेदारी भी की। स्मिथ ने ५२ रन का पारी खेली।
टीम इंडिया ने १९.५ ओवर में आठ विकेट पर २०९ रन बनाकर मैच को जीत लिया। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के दोनों ओपनर बल्लेबाज १५ गेंद के अंदर पवेलियन लौट गए।
सूर्या और ईशान ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए ११२ रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने ४२ गेंद पर ताबड़तोड़ ८० रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। ईशान किशन ने ३९ गेंद पर ५८ रन बनाए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के उड़ाए। रिंकू सिंह ने बेहतरीन फिनिशर की भूमिका निभाते हुए १४ गेंद पर चार चौकों की मदद से नाबाद २२ रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
आपको बता दें कि भारत ने पांचवीं बार टी२० में २०० से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया है। इस मामले में उसने दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया। अफ्रीकी टीम ने चार बार ऐसा किया है। तीसरे स्थान पर पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया संयुक्त रूप से है। दोनों ने तीन-तीन बार टी२० में २०० से ज्यादा रन के लक्ष्य को हासिल किया है।
