74 Views

नवंबर में अब तक क्रिप्टो में १७३ मिलियन डॉलर का नुकसान : रिपोर्ट

टोरंटो ,२४ नवंबर । नवंबर महीने में अब तक क्रिप्टोकरेंसी में १७३ मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है, जिसमें दो घटनाओं से ९१ फीसदी नुकसान हुआ है। ब्लॉकचेन और स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट सुरक्षा कंपनी सर्टिक के अनुसार, नवंबर ने पहले ही २०२३ में चौथा सबसे बड़ा मासिक घाटा दर्ज किया है। यह उछाल क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज पोलोनीक्स की हालिया हैक से प्रेरित था। साइबर अपराधियों द्वारा पोलोनिक्स के हॉट वॉलेट खत्म कर दिए जाने के बाद हैकरों ने पोलोनिक्स से ११४ मिलियन डॉलर से अधिक की चोरी कर ली है।
अरखाम डेटा से पता चला है कि एक एथेरियम वॉलेट, जिसे अब पोलोनिक्स हैकर के रूप में टैग किया गया है, ने ३५७ लेनदेन में पोलोनिक्स से कुल ११४ मिलियन डॉलर मूल्य के टोकन भेजे। सर्टिक अलर्ट ने एक्स पर पोस्ट किया, नवंबर में घाटा अब तक १७३ मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जिसमें दो घटनाएं ९१ फीसदी नुकसान का हिस्सा हैं। इसमें कहा गया है, नवंबर में पहले से ही इस साल किसी भी महीने का चौथा सबसे अधिक घाटा है।
सुरक्षा फर्म ने यह भी बताया कि फिशिंग स्कीम के चलते लगभग २७ मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ। इस बीच, क्रॉस-चेन क्राइम के जरिए क्रिप्टोकरेंसी में ७ बिलियन डॉलर से ज्यादा की अवैध रूप से हेराफेरी की गई है, जिसमें उत्तर कोरिया के लाजर समूह को जुलाई २०२२ और इस साल जुलाई के बीच लगभग ९०० मिलियन डॉलर की चोरी से जोड़ा गया है। ब्लॉकचेन एनालिटिक्स फर्म एलिप्टिक के अनुसार, डिसेंट्रलाइज एक्सचेंज (डीईएक्स), क्रॉस-चेन ब्रिज और कॉइन स्वैप सर्विसेज ने ७ बिलियन डॉलर के अवैध फंड को प्रोसेस्ड किया है।

Scroll to Top