ढाका ,२२ नवंबर । बंगलादेश में डेंगू के १,२९१ नए मामले सामने आये और इससे छह लोगों की मौतें हो जाने से इस साल जनवरी से अब तक मामलों की कुल संख्या बढ़कर ३०१,२२५ हो गई और मरने वालों की संख्या १,५४९ पहुंच गई।स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने यह जानकारी दी है।डीजीएचएस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में पहले १९ दिनों के दौरान, पिछले महीने ६७,७६९ लोगों के मच्छर जनित बीमारी से संक्रमित होने के बाद ३०,०८० अधिक डेंगू के मामले दर्ज किए गए थे।
डीजीएचएस ने कहा कि देश में ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या २९४,७५७ है, जिसमें रविवार को ठीक हुए १,५२२ मरीज भी शामिल है।बंगलादेश में सितंबर में डेंगू के मामलों में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई। इस माह में ७९,५९८ नए संक्रमण मामले और ३९६ लोगों की मौतें दर्ज की गईं।उल्लेखनीय है कि एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला डेंगू बुखार एक गंभीर बीमारी का कारण बनता है जिसके बाद आमतौर पर सिरदर्द, तेज बुखार, थकावट, मांसपेशियों और जोड़ों में गंभीर दर्द, ग्रंथियों में सूजन, उल्टी और दाने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।



