131 Views

२४ लाख दीयों से जगमगाई राम नगरी, ५१ घाटों पर दीपोत्सव से बना वर्ल्ड रिकॉर्ड रामसेवकों को समर्पित

अयोध्या ,१३ नवंबर । अयोध्या में दीपोत्सव पर २४ लाख दीयों से इतिहास रचा गया है। दीपोत्सव को देखते हुए पिछले कई दिनों से रामजन्मभूमि परिसर को सजाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा था। ५१ घाटों पर दीपोत्सव से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां की गई थीं। इसकी शुरुआत श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने भगवान गणेश के के रेखाचित्र में रंग भर कर की थी। परिसर को भव्य व दिव्य रूप से सजाया गया। इसकी जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशीष कुमार मिश्र को सौंपी गई। रामनगरी में सात देशों की रामलीला का भी आयोजन किया गया।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, दीपोत्सव पर १४ लाख से ज्यादा दीये राम की पैड़ी में जलाए गए जबकि अयोध्या के प्रमुख २१ मंदिरों में ४.५० लाख दीये जलाए गए। उन्होंने बताया कि राम जन्म भूमि पर ५१ हजार, हनुमान गढ़ी पर २१ हजार दीये जलाए गए।
इसी तरह कनक भवन, गुप्तार घाट, दशरथ समाधि, राम जानकी मंदिर साहबगंज, देवकाली मंदिर, भरत कुंड (नंदी ग्राम) समेत प्रमुख मंदिरों में २१ हजार दीये जलाए गए। वहीं पूरे अयोध्या को रोशन करने के लिए सामाजिक संगठनों को भी दीये वितरित किए गए। उप निदेशक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राम लीला हुई, जिसमें कई देशों के कलाकारों ने भाग लिया। इसके साथ ही आतिशबाजी और लेजर शो भी किया गया।
अयोध्या के डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिवाली पर २४ लाख दीप जलाकर अयोध्या के घाटों को रोशन करने किया। विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने कहा कि ‘अयोध्या दीपोत्सव’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए राम की पैड़ी पर २४ लाख दीप जलाए गए। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने २४ लाख दीपक जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा था। गिनीज बुक की ओर से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे राम सेवकों को समर्पित किया है।

Scroll to Top