धर्मशाला ,२६ अक्टूबर। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सदस्यों और उनके परिवारों ने धर्मगुरु दलाई लामा से मैक्लोडगंज स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। टीम के खिलाड़ी कप्तान टॉम लैथन के नेतृत्व में मुख्य बौद्ध मंदिर पहुंचे। इस दौरान दलाई लामा ने खिलाडिय़ों के साथ हल्की-फुल्की बातचीत भी की। इस दौरान कुछ खिलाडिय़ों ने उनका आशीर्वाद मांगा। दलाई लामा के कार्यालय के एक पदाधिकारी ने बताया कि दलाई लामा को उनसे मिलकर अच्छा लगा।
उन्होंने कहा कि दलाई लामा ने उन्हें अपने साथ फोटो खिंचवाने की अनुमति देकर भी उन्हें खुश किया।
आपको बता दें कि न्यूजीलैंड टीम को २८ अक्टूबर को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। राजधानी शिमला से लगभग २५० किमी दूर एचपीसीए स्टेडियम में २२,००० लोगों की बैठने की क्षमता है।
दलाई लामा अपने चिकित्सकों की सलाह पर फिलहाल आराम कर रहे हैं। हाल ही में फ्लू की चपेट में आने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर दलाई लामा को नवंबर-दिसंबर में अपनी सिक्किम और कर्नाटक यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।
चीन, बौद्ध धर्म के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को लेकर भी नाराज रहता है। उसने १९५९ में तिब्बत पर हमला किया था। दलाई लामा के साथ लगभग ८० हजार तिब्बती भागकर भारत आए। उन्हें हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शरण मिली।



