340 Views
Former Chief Minister of Maharashtra and Union Minister Sushil Kumar Shinde announced to leave politics

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने किया राजनीति छोड़ने का ऐलान

मुंबई,२६ अक्टूबर । महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस के कद्दावर नेता सुशील कुमार शिंदे ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है। सुशील शिंदे ने एक कार्यक्रम में अपने राजनीतिक रिटायरमेंट का एलान करते हुए कहा कि २०२४ का चुनाव मेरी बेटी लड़ेगी और जहां मेरी ज़रूरत होगी, वहां मैं मौजूद रहूंगा।
आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे सोलापुर सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं। इतना ही नहीं, शिंदे महाराष्ट्र के पूर्व सीएम के साथ-साथ २०१२ में केंद्रीय गृहमंत्री और मनमोहन सिंह की सरकार में ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बड़े बेटे और पूर्व सांसद नीलेश राणे ने भी ट्वीट कर सक्रिय राजनीति से संन्यास का ऐलान किया था।
विजयादशमी के मौके पर एक कार्यक्रम में सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि अब मेरी बेटी प्रणीति शिंदे सोलापुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। सोलापुर में धम्म चक्र कार्यक्रम में शिंदे ने ये बातें कहीं। सुशील कुमार शिंदे की ४२ वर्षीय बेटी प्रणीति शिंदे कांग्रेस वर्किंग कमेटी में भी विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। पहले ही एक कार्यक्रम में प्रणीति शिंदे ने कहा था कि पार्टी हमें जो जिम्मेदारी सौंपेगी, हम उसे निभाएंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को विश्वास भी जताया कि इस बार चाहे कुछ भी हो, सोलापुर का सांसद कांग्रेस का ही होगा।

Scroll to Top