जेरूसलम ,११ अक्टूबर । हमास और इजराइल के बीच संघर्ष मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। दोनों पक्षों में मरने वालों की संख्या लगभग १,६०० हो गई है, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं और अपने घरों से विस्थापित हुए हैं। इसी बीच हमास ने धमकी दी है कि अगर गाजा पट्टी पर हमले नहीं रुकते हैं तो वह इस्राइली बंधकों की हत्या कर देगा।
रिपोर्ट के अनुसार सात अक्टूबर को हमास द्वारा दक्षिणी इजरायल पर अचानक हमला किए जाने के बाद से ९०० से अधिक लोग मारे गए हैं। ९०० में से २६० लोगों की हमास के बंदूकधारियों ने एक संगीत समारोह में हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढऩे की आशंका है, क्योंकि बचाव दल अभी तक उन क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पाए हैं, जहां हमास के आतंकवादी और इजरायली सैनिक अभी भी भीषण लड़ाई में लगे हुए हैं।
इजरायली स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने नवीनतम अपडेट में कहा कि घायल लोगों की संख्या २,६१६ हो गई है, इनमें २५ की हालत गंभीर है। गाजा में आतंकवादी समूहों ने यह भी दावा किया है कि फिलिस्तीनी क्षेत्र में लगभग १३० इजरायली बंधकों को रखा गया था। इस बीच, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि गाजा पट्टी पर जवाबी इजरायली हमलों में मरने वालों और घायलों की संख्या क्रमश: ६८७ और ३,७२६ हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के अनुसार, गाजा में इसके आपातकालीन आश्रय स्थल मंगलवार सुबह तक ९० प्रतिशत क्षमता पर थे और १३७,००० से अधिक लोग आश्रय ले रहे थे। एजेंसी ने कहा कि ८३ यूएनआरडब्ल्यूए स्कूलों को आश्रय स्थलों में बदल दिया गया है। यूएनआरडब्ल्यूए ने यह भी कहा कि उन्हें सभी १४ खाद्य वितरण केंद्रों को बंद करने के लिए मजबूर किया गया है और परिणामस्वरूप पांच लाख लोगों को महत्वपूर्ण खाद्य सहायता मिलनी बंद हो गई है।



