105 Views

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान : ७ नवंबर से चुनावों की शुरुआत

नई दिल्ली ,१० अक्टूबर। भारत में ५ राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि मिजोरम में सबसे पहले चुनाव करवाए जाएंगे। मिजोरम में ७ नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ७ नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार पांच राज्यों में ८.२ करोड़ पुरुष मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि १७ अक्टूबर को वोटिंग लिस्ट जारी होगी, २३ अक्टूबर तक वोटिंग लिस्ट में सुधार का मौका मिलेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि किस राज्य में कितने लोग वोट डालने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस बार ६० लाख युवा वोटर्स पहली बार वोट डालने वाले हैं। मिजोरम में कुल मिलाकर ८.५२ लाख वोटर्स हैं। छत्तीसगढ़ में २.०३ करोड़, मध्य प्रदेश में ५.६ करोड़, राजस्थान में ५.२५ करोड़ और तेलंगाना में ३.१७ करोड़ वोटर्स हैं।
५ राज्यों में सभी राजनीतिक पार्टियों से की बात, मुख्य चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ५ चुनावी राज्यों में हमने ४० दिनों में अपना दौरा पूरा किया। इन राज्यों की राजनीतिक पार्टियों और केंद्रीय एवं राज्य प्रवर्तन एजेंसियों से बात की गई।
उन्होंने बताया कि १७ अक्टूबर से वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। १७ अक्टूबर से ३० नवंबर तक किसी को भी वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी बदलाव कराना है, करा सकता है। ये बीएलओ के जरिए या फिर सीधे वेबसाइट के जरिए करा सकते हैं। इन ५ राज्यों में १.७७ लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। पोलिंग बूथ २ किलोमीटर से दूर नहीं होगा।
३१ अक्टूबर तक पार्टियों को चंदे की जानकारी देनी होगी। तभी इनकम टैक्स में छूट मिलेगी। बुजुर्ग लोगों को घर से वोटिंग की सुविधा मिलेगी।
५ राज्यों में ९४० चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। इन्हें राज्य पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संभालेंगी।

Scroll to Top