सैन फ्रांसिस्को ,०७ अक्टूबर। एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स पर इंजीनियर एशले फोल्ज ने वेतन भेदभाव का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया है। एशले का आरोप है कि महिला और अल्पसंख्यक कर्मचारियों को पुरुष और श्वेत कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन दिया जा रहा है।
फोल्ज ने अपने प्रस्तावित क्लास-एक्शन मुकदमे में कहा कि उन्हें बेस-लेवल इंजीनियर के रूप में ९२,००० डॉलर के वेतन पर नियुक्त किया गया था, हालांकि समान या कम अनुभव वाले पुरुषों को ११५,००० डॉलर तक की पेशकश की गई। एशले को सितंबर २०२२ में स्पेसएक्स में प्रोपल्शन इंजीनियर के रूप में नियुक्त किया गया था।
मुकदमे में तर्क दिया गया कि मस्क और कंपनी के अधिकारियों के पास उनके भेदभावपूर्ण वेतन के लिए कोई वैध जस्टिफिकेशन नहीं है। फोल्ज ने खुद को स्पेसएक्स की कुछ महिला इंजीनियरों में से एक बताया। उन्हें वेतन विसंगति के बारे में तब पता चला जब कैलिफोर्निया का पे ट्रांसपेरेंसी एक्ट लागू हुआ।
फोल्ज ने स्पेसएक्स पर कैलिफोर्निया श्रम कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, और अदालत से उन्हें और किसी भी अन्य प्रभावित कर्मचारी को नागरिक दंड और मौद्रिक क्षतिपूर्ति देने के लिए कहा। स्पेसएक्स ने अभी तक मुकदमे पर टिप्पणी नहीं की है।
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब मस्क द्वारा संचालित एयरोस्पेस कंपनी पर भेदभावपूर्ण भर्ती और पदोन्नति करने का आरोप लगाया गया है। इस साल अगस्त में, अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) ने भर्ती में शरणार्थियों के साथ भेदभाव करने के लिए स्पेसएक्स पर मुकदमा दायर किया था।
