81 Views

भारत की पहली एयर स्ट्राइक पर आधारित मूवी स्काई फोर्स में नजर आएंगे अक्षय कुमार, २ अक्टूबर २०२४ को रिलीज होगी फिल्म

मुंबई,०५ अक्टूबर। अक्षय कुमार आने वाले दिनों में एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इन दिनों वह अपनी फिल्म मिशन रानीगंज को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।अब अक्षय ने २ अक्टूबर यानी गांधी जयंती के खास मौके पर अपनी नई फिल्म स्काई फोर्स का सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया है। उन्होंने एक टीजर जारी कर फिल्म के बारे में जानकारी दी है। आइए जानते हैं अक्षय ने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
अक्षय ने टीजर साझा कर लिखा, आज गांधी-शास्त्री जयंती के दिन सारा देश कह रहा है जय जवान,जय किसान,जय विज्ञान,जय अनुसंधान। स्काई फोर्स की अविश्वसनीय कहानी की घोषणा करने के लिए आज से बेहतर कोई दिन नहीं है। भारत के पहले और सबसे घातक हवाई हमले की हमारी अनकही कहानी। कृपया इसे प्यार दें। जय हिंद, जय भारत। उन्होंने यह भी बताया कि जियो स्टूडियोज और दिनेश विजान की यह फिल्म २ अक्टूबर, २०२४ को सिनेमाघरों में उड़ान भरेगी।
यह फिल्म पाकिस्तान के खिलाफ भारत के पहले हवाई हमले में शामिल सभी जवानों की बहादुरी और देशभक्ति को दर्शाएगी। इसी के साथ भारतीय वायु सेना की सबसे बड़ी जीत का जश्न मनाएगी। भारत-पाकिस्तान के बीच १९६५ की पहली बड़ी जंग देखने को मिली थी, जिसमें पाकिस्तान के मंसूबे बड़े खतरनाक थे, लेकिन भारत के आगे उसकी एक न चली। इस युद्ध में पाकिस्तान को बड़ी बुरी हार का सामना करना पड़ा था। फिल्म में यही जंग देखने को मिलेगी।
फिल्म में अक्षय एक वायुसेना अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।सूत्रों के मुताबिक, स्काई फोर्स के रूप में अक्षय को एक बड़ी हिट फिल्म मिलने वाली है। ओह माय गॉड २ के बाद यह फिल्म उनका खोया हुआ स्टारडम वापस लाने में बड़ी मददगार साबित होगी और अक्षय एक बार फिर बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस के किंग बनकर उभरेंगे।अभिषेक कपूर इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं।वीर पहाडिय़ा इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं।

Scroll to Top