198 Views

अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर कर्नाटक में हुआ संविधान की प्रस्तावना का पाठ

बेंगलुरु ,१७ सितंबर । कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को ‘अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के मौके पर संविधान की प्रस्तावना के पाठ के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में एक साथ भारत और दुनिया के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और कई अन्य अतिथियों के साथ यहां विधान सौध के बाहर प्रस्तावना पाठ समारोह का नेतृत्व किया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे और अन्य लोग शामिल हुए। सिद्धरमैया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच गारंटी (चुनाव पूर्व वादों) में से चार को पूरा किया है और अपनी बात पर कायम रही। उन्होंने कहा, संविधान की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है।
कर्नाटक के समाज कल्याण मंत्री एच. सी. महादेवप्पा ने बुधवार को कहा था कि देश और विदेश के करीब २.२८ करोड़ लोगों ने संविधान की प्रस्तावना के पाठ के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा था, देश और विदेश से २,२७,८१,८९४ लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। हमने पांच या १० लाख लोगों के पंजीकरण कराने की उम्मीद की थी, लेकिन यह एक आंदोलन बन गया है। महादेवप्पा ने कहा, इसका मकसद, विशेषकर युवाओं को लोकतंत्र और संविधान के विचार को समझाना है। इस तरह वे प्रस्तावना के मुख्य उद्देश्य, सम्मान, स्वतंत्रता और समानता के साथ जीवन जीना सीखेंगे।

Scroll to Top