वॉशिंगटन,१४ सितंबर। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अमेरिका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर और रिपब्लिकन पार्टी के नेता केविन मैक्कार्थी ने राष्ट्रपति बाइडेन के खिलाफ महाभियोग जांच प्रारंभ कर दी है। रॉयटर्स के मुताबिक बाइडेन पर उप-राष्ट्रपति रहते हुए २००९-१७ के बीच अपने बेटे हंटर को व्यापार में लाभ पहुंचाने के आरोप लगे हैं। अब इसके लिए हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में औपचारिक प्रस्ताव लाया जाएगा।
मैक्कार्थी ने बताया कि रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने कई फोन कॉल्स, मनी ट्रांसफर और दूसरी गतिविधियों से जुड़े सबूत दिए हैं। इनसे बाइडेन परिवार के भ्रष्टाचार में शामिल होने के संकेत मिलते हैं। हालांकि, इसमें बाइडेन खुद शामिल थे या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आपको बता दें कि ५३५ सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के २२२ सदस्य हैं। अमेरिका में अब तक महाभियोग के जरिए किसी भी राष्ट्रपति को हटाया नहीं गया है। अगर जांच पूरी होने पर बाइडेन दोषी पाए जाते हैं तो वो पहले अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे जिन्हें इस तरह पद को छोड़ना पड़ेगा।



