बीजिंग ,१० अगस्त। चीन की राजधानी बीजिंग में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम ३३ लोगों की मौत हो गई, अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीजिंग के डिप्टी मेयर जिया लिनमाओ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बचावकर्मी समेत १८ अन्य अभी भी लापता हैं। ३३ लोगों की मौत मुख्यत: बाढ़ और मकानों के ढहने के कारण हुई।
२९ जुलाई से २ अगस्त तक, बीजिंग डोक्सुरी तूफान के कारण हुई मूसलाधार बारिश से तबाह हो गया था।
१४० साल पहले रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से यह बीजिंग में सबसे भारी बारिश थी।
बारिश के कारण आई बाढ़ से लगभग १.२९ मिलियन लोग और लगभग १५,००० हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
संपत्ति के नुकसान का आकलन जारी रहने के कारण ये संख्या बढऩे की संभावना है।
मूसलाधार बारिश ने पहाड़ी इलाकों में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचाया है, जिससे ५०७ गांवों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, २७३ गांवों और १६ आवासीय समुदायों में बिजली गुल हो गई है और ३४२ गांवों में संचार बाधित हो गया है।
२५६ गांवों में परिवहन ठप हो गया।
अथक प्रयासों से अधिकांश गांवों में बिजली आपूर्ति, पेयजल, दूरसंचार सेवाएं और परिवहन सफलतापूर्वक बहाल हो गए हैं।
डिप्टी मेयर के अनुसार, बीजिंग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि प्रभावित आबादी के लिए दैनिक आवश्यकताएं, आपातकालीन आपूर्ति और चिकित्सा उपचार उपलब्ध हैं, और आपदा के बाद महामारी रोकथाम कार्य शुरू करने के लिए तेजी से कार्रवाई की है।
जिय़ा ने कहा, शहर ने पुनर्निर्माण योजना तैयार की है और इसके कार्यान्वयन में तेजी लाई जाएगी।



