न्यूयॉर्क ,०५ अगस्त। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम १३ लोग घायल हो गए। मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी (एमटीए) के एक अधिकारी ने बताया कि एक लॉन्ग आइलैंड रेल रोड ट्रेन हेम्पस्टेड की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह शुक्रवार पूर्वाह्न लगभग ११:१२ बजे शहर के क्वींस बरो में १७५वीं स्ट्रीट और ९५वें एवेन्यू पर जमैका स्टेशन के पूर्व में पटरी से उतर गई।
एमटीए के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जान्नो लिबर ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ट्रेन की सभी आठ कारें पटरी से उतर गईं। जिन लोगों को चोट लगी है उन्हें पैर और पीठ में चोटें आई हैं। उनमें से किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है। वीडियो फुटेज में अग्निशामकों को घटनास्थल पर यात्रियों को पटरी से उतरी ट्रेन से एक बचाव ट्रेन में स्थानांतरित करते हुए दिखाया गया है, जिसमें दोनों को जोडऩे वाला एक छोटा मंच है।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी यात्री और रेल कर्मचारी सुरक्षित हैं और ट्रेन सेवा जल्द से जल्द फिर से शुरू हो जाए। ट्रेन के पटरी से उतरने का कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। एमटीए अधिकारियों ने कहा कि सेवा में व्यवधान अभी जारी रहने की संभावना है।



