97 Views

वॉशिंगटन कोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को बताया बेकसूर, कहा- अमेरिका के लिए ‘दुख भरा दिन’

वॉशिंगटन,०४ अगस्त। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने २०२० के चुनावी रिजल्ट को पलटने की साजिश के आरोपों को खारिज कर दिया‌। ट्रम्प ने वाशिंगटन की फेडरल कोर्ट में मजिस्ट्रेट जज मोक्सिला उपाध्याय के सामने सुनवाई में खुद को निर्दोष बताया।
ट्रम्प पर यह आरोप है कि उन्होंने २०२० के चुनाव में अपनी हार को स्वीकार नहीं किया और अपने समर्थकों को कैपिटल हिंसा के लिए उकसाया। कैपिटल हिंसा में ५ लोगों की मौत हो गई थी और संसद को बुरी तरह क्षति पहुंची थी।
ट्रम्प के खिलाफ ४ आरोप हैं। इनमें देश को धोखा देने की कोशिश, सरकारी कामकाज में बाधा डालने की साजिश और जनता के अधिकारों के खिलाफ साजिश रचने जैसे आरोप शामिल हैं।
जांच कर रहे जस्टिस डिपार्टमेंट के स्पेशल काउंसिल जैक स्मिथ ने ४५ पेज की चार्जशीट दायर की है। ट्रम्प पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनमें से २ में जेल जाने का भी प्रावधान है।
देश का धोखा देने की साजिश के आरोप में ट्रम्प को २० साल की जेल और लोगों के अधिकारों के खिलाफ साजिश रचने के मामले में उन्हें १० साल की जेल हो सकती है।
ट्रम्प ने सुनवाई के बाद कहा कि वह इस मामले में निर्दोष हैं और वे इस मामले को लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक अभियान है और उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है।
ट्रम्प के खिलाफ इस मामले में अगली सुनवाई २८ अगस्त को होगी।

Scroll to Top