156 Views

कोरिया ओपन : सिंधु, श्रीकांत पहले दौर में हारे, प्रणय दूसरे दौर में पहुंचे

येओसु, २१ जुलाई। शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत यहां अपने-अपने शुरुआती दौर के मैचों में हार के बाद सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट कोरिया ओपन से जल्दी बाहर हो गए।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु नए कोच मुहम्मद हाफिज हाशिम के नेतृत्व में अपने पहले आधिकारिक मैच में महिला एकल में चीनी खिलाड़ी पाई यू पो से १८-२१, २१-१०, १३-२१ से हार गईं। मलेशियाई कोच की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा मंगलवार को की गई थी।
इस सीजऩ में १२ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट में सिंधु छठी बार शुरुआती दौर में बाहर हुई हैं।
अन्य महिला एकल मुकाबलों में मालविका बंसोड़ दुनिया की चौथे नंबर की चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से १७-२१, ७-२१ से हार गईं। इस बीच, अश्मिता चालिहा मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चीन की चेन यू फी से १३-२१, १२-२१ से हार गईं।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी ने फिलीपींस के एल्विन मोराडा और एलिसा यसबेल लियोनार्डो को २१-१७, २१-१७ से हराकर दूसरे दौर में जगह बनायी । रोहन और सिक्की का अगला मुकाबला फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की चौथी वरीयता प्राप्त चीनी जोड़ी से होगा।
प्रणय और प्रियांशु राजावत (पुरुष एकल), सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (पुरुष युगल), ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (महिला युगल) और रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी (मिश्रित युगल) इस सुपर ५०० इवेंट में भारतीय चुनौती को जीवित रखे हुए हैं।
सात्विक और चिराग ने मंगलवार को अपने पुरुष युगल के पहले दौर के मैच में जीत हासिल की, जबकि ट्रीसा और गायत्री को शुरुआती मैच में वॉकओवर मिला।

Scroll to Top