136 Views

कोसोवो की संसद में हंगामा, विपक्षी नेता ने भाषण दे रहे प्रधानमंत्री पर फेंका पानी

कोसोवो,१५ जुलाई। कोसोवो की संसद में जमकर हाथापाई और हंगामा देखने को मिला। दरअसल, प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती देश के उत्तरी हिस्से में जातीय सर्बों के साथ तनाव कम करने के लिए सरकार की तरफ से किए जा रहे उपायों के बारे में बता रहे थे। भाषण के दौरान विपक्षी सांसद ने प्रधानमंत्री कुर्ती पर पानी फेंक दिया।
इसके बाद सदन में विवाद शुरू हो गया। बवाल के बीच कुर्ती को असेंबली हॉल से बाहर ले जाया गया।
आपको बता दें कि कोसोवो की विपक्षी पार्टी ने हमेशा उत्तरी इलाके में प्रधानमंत्री कुर्ती की उन नीतियों की आलोचना की है, जिससे उनके पश्चिमी देशों के साथ रिश्तों में तनाव आया है। कुर्ती ने बुधवार को घोषणा की थी कि वो उत्तरी कोसोवो में जातीय सर्ब आबादी वाले क्षेत्रों में ४ नगरपालिकाओं के बाहर तैनात विशेष पुलिस अधिकारियों की संख्या कम कर देंगे, और हर शहर में नए मेयर के चुनाव कराएंगे।
नगर निगम के कार्यालयों से कई विशेष पुलिस बल हटा लिए गए हैं। इस कदम से विपक्ष नाराज हो गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि कुर्ती ने महीनों तक कई प्रयोग किए, जिसकी वजह से कोसोवो की अंतरराष्ट्रीय स्थिति खतरे में आ गई और ऐसा करके बाद में वो पीछे हट गए।

Scroll to Top