140 Views

फ्रांस ने मोदी को दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘लीजन ऑफ ऑनर’ पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी

पेरिस,१४ जुलाई। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने सर्वोच्च फ्रांसीसी नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। यह सम्मान पाने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। लीजन ऑफ ऑनर दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली आदि शामिल हैं।
पीएम मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर गुरुवार को पेरिस पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी के सम्मान में एलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने आधिकारिक आवास एलिसी पैलेस में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी की।
फ्रांस में मौजूद भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की धरती भी एक बड़े परिवर्तन का गवाह बन रही है। इसकी कमान भारत के युवाओं और बहन बेटियों के पास है। आज पूरा विश्व भारत के प्रति नई उम्मीद और नई आशा से भरा हुआ है। यह उम्मीद ठोस नतीजों में बदल रही है. इसकी एक अहम ताकत भारत का ह्यूमन रिसोर्स है और यह संकल्पों से भरा हुआ है। ये भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। भारत अब समस्याओं का स्थायी समाधान कर रहा है। मैं संकल्प लेकर निकला हूं, मेरा कण-कण और पल-पल देशवासियों के लिए है।

Scroll to Top