137 Views

अश्विन के पंच से वेस्टइंडीज की पहली पारी १५० रन पर सिमटी, भारत ने बिना विकेट खोए बनाए ८० रन

डोमिनिका ,१३ जुलाई। वेस्टइंडीज दौरे के पहले टेस्ट का पहला दिन भारतीय स्पिनर्स के नाम रहा। भारतीय स्पिनर आर अश्विन के ५ विकेट की सहायता से टीम इंडिया के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को पहली पारी में १५० रनों पर ऑलआउट कर दिया। इनमें से ८ विकेट स्पिनर्स ने लिए, जबकि २ विकेट तेज गेंदबाजों को मिले। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में बगैर नुकसान के ८० रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा ३० और डेब्यूटेंट ओपनर यशस्वी जायसवाल ४० रन पर नाबाद लौटे।
इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहली पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। उसकी आधी टीम ७६ रन पर पवेलियन लौट गई। वेस्टइंडीज को पहला झटका रविचंद्रन अश्विन ने दिया। किसी तरह वेस्टइंडीज की टीम १५० रन तक पहुंच सकी।
भारत के लिए अश्विन ने पांच और रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।
अश्विन ने कुल ३३वीं बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिया है। अश्विन ने भारत-वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। इस मामले में वह पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह की बराबरी कर ली। इसके अलावा उन्होंने अपने ७०० विकेट भी पूरे किए।

Scroll to Top