इस्लामाबाद, २८ जून। पाकिस्तान में मानसून से पूर्व की बारिश का दौर शुरू हो चुका है और पिछले २४ घंटों के दौरान बारिश से संबंधित घटनाओं में २३ लोगों ने जान गंवाई है। पूर्वी पंजाब प्रांत में आपातकालीन सेवा रेस्क्यू-११२२ के प्रवक्ता फारूक अहमद ने कहा कि सभी मौतें तीन अलग-अलग कारणों से हुईं, जिनमें बिजली का झटका लगना, डूबना और बिजली गिरने की घटनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली गिरने से नारोवाल जिले में पांच और शेखुपुरा जिले में दो लोगों की मौत हुई है। प्रांत में कम से सात लोगों की डूबने से मौत हुई है। विभिन्न इलाकों में बिजली का झटका लगने से पांच लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं, नारोवाल, लाहौर, चिनियट और शेखुपुरा सहित विभिन्न जिलों में बिजली का झटका लगने और दीवार तथा छत गिरने की घटनाओं के कारण कम से कम ७५ लोग घायल भी हुए हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले सोमवार सुबह राजधानी इस्लामाबाद के उपनगरीय इलाके शहजाद टाउन क्षेत्र में एक घर की छत गिरने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गयी। स्थानीय पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और बारिश के मौसम में सावधान रहने, सावधानी से वाहन चलाने और बिजली के प्रतिष्ठानों तथा खंभों से दूर रहने की अपील की है।



