जेद्दा,२४ जून। कोरोना काल के बाद से पहली बार सऊदी अरब में हज यात्रियों का सैलाब देखने को मिल रहा है। देश में वार्षिक हज यात्रा के लिए अब तक करीब १५ लाख विदेशी हाजी आए हैं। इनमें से अधिकांश हाजी विमान से मक्का पहुंचे हैं। सऊदी अधिकारियों ने कहा कि २०२० में कोरोना वायरस महामारी की दस्तक के बाद यह पहला ऐसा वर्ष है, जब हज यात्रा का आयोजन बिना किसी प्रतिबंधों के किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार से शुरू होने वाली हज यात्रा में और विदेशी हाजियों के पहुंचने की संभावना है।
सऊदी अरब के मीडिया मंत्रालय ने कहा कि हज के लिए बुधवार तक १४.९ लाख से अधिक विदेशी हाजी मक्का आए हैं, जिनमें से १४.३ लाख हवाई मार्ग से पहुंचे हैं।
सऊदी अधिकारियों ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वर्ष २०२३ में हज यात्रियों की संख्या कोरोनाकाल से पूर्व के स्तर पर पहुंच सकती है। वर्ष २०१९ में २४ लाख हाजियों ने हज यात्रा की थी।



