179 Views

रूस के वैगनर ग्रुप ने किया रूसी शहर पर कब्जे का दावा, मॉस्को में हाई अलर्ट

मॉस्को,२४ जून। खबर है कि यूक्रेन से जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ने बगावत कर दी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर के कई हिस्सों पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। वहीं रूस ने इस दावे को झूठ बताया है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।
रूस ने वैगनर हेड प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया। रूस और वैगनर के बीच तल्खी यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। इस हमलें में कई वैगनर लड़ाके मारे गए थे। प्रिगोजिन ने क्रेमलिन को इसका दोषी बताया था।
अल-जजीरा की रिपोर्ट्स के अनुसार मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा- सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है।
वैगनर ग्रुप के फाउंडर येवगेनी प्रिगोजिन को रूसी राष्ट्रपति पुतिन का रसोईया भी कहा जाता था। वे पहले एक रेस्तरां चलाते थे जहां पुतिन अक्सर खाने के लिए जाया करते थे। वे धीरे-धीरे पुतिन के करीबी सहयोगी बन गए। उन्हें रूसी सरकार से करोड़ों रुपए के कॉन्ट्रैक्ट मिलने लगे।
येवगेनी ही वैगनर ग्रुप को फंड करते हैं। पहले वे इस ग्रुप से अपने संबंधों को नकारते थे, लेकिन २०२२ में उन्होंने माना कि वे इससे जुड़े हुए हैं।

Scroll to Top