165 Views

युगांडा में स्कूल हमले की संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने की निंदा

संयुक्त राष्ट्र, १९ जून। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एलाइड डेमोकेट्रिक फोर्सेज (एडीएफ) समूह द्वारा पश्चिमी युगांडा के एक स्कूल पर हमले की कड़ी निंदा की है। युगांडा के अधिकारियों ने कहा कि एडीएफ विद्रोहियों ने शनिवार रात कांगो की सीमा पर मपोंडवे में लुबिरिरा सेकेंडरी स्कूल पर हमला किया, जिसमें कम से कम ३७ बच्चों की मौत हो गई, वहीं कम से कम आठ बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि छह विद्रोहियों के कब्जे में हैं।
इस भयावह हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
बयान में कहा गया है कि महासचिव ने पीड़ितों के परिवारों और युगांडा की सरकार और लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और अगवा लोगों की तत्काल रिहाई का आह्वान किया।
इसमें कहा गया है कि गुटेरेस ने कांगो और युगांडा के बीच सीमा पार असुरक्षा से निपटने और क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल करने के लिए क्षेत्रीय साझेदारी सहित सामूहिक प्रयासों के महत्व को दोहराया।
एडीएफ युगांडा का एक विद्रोही समूह है, जो पूर्वी कांगो के जंगलों में छिपा हुआ है। यह मध्य अफ्रीका में इस्लामिक स्टेट की एक शाखा है।
विद्रोही समूह पर पूर्वी कांगो के गांवों में हमले करने का आरोप है। युगांडा की सेना और उनके कांगो समकक्षों ने नवंबर २०२१ में विद्रोही समूह के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू किया था।

Scroll to Top