240 Views

रूस-यूक्रेन युद्ध में परमाणु बम की ‘एंट्री’, तनाव में विश्व समुदाय

मॉस्को,१८ जून। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि मास्को ने बेलारूस के लिए परमाणु हथियारों का अपना पहला जखीरा रवाना कर दिया है। सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए, पुतिन ने यह जानकारी दी।
परमाणु हथियारों के प्रयोग पर उन्होंने कहा, ‘यह उन सभी लोगों के खिलाफ एक निवारक उपाय है जो रूस और उसकी रणनीतिक हार के बारे में सोच रहे हैं। बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने रूसी और बेलारूसी की सरकारी मीडिया से कहा, ‘हमारे पास मिसाइल और बम हैं जो हमें रूस से प्राप्त हुए हैं। यह बम हिरोशिमा और नागासाकी पर गिराए गए परमाणु बमों की तुलना में तीन गुना अधिक शक्तिशाली हैं। बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने घोषणा की कि रूस ने बेलारूस को परमाणु हथियारों की डिलीवरी शुरू कर दी है। आपको बता दें कि १९९१ के बाद पहली बार रूस ने विदेशी धरती पर परमाणु हथियार तैनात किए हैं।
सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के एक प्रमुख आर्थिक मंच पर बोलते हुए पुतिन ने कहा कि रूसी सामरिक परमाणु हथियार पहले से ही करीबी सहयोगी बेलारूस को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस को अब परमाणु हथियारों का सहारा लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को पुतिन का खास माना जाता है। लुकाशेंको ने चंद दिनों पहले ही धमकी दी थी कि अगर किसी देश ने बेलारूस पर हमले की कोशिश की तो इसका जवाब परमाणु हमले से दिया जाएगा। उन्होंने दो टूक लहजे में कहा था कि वे परमाणु हमला करने से बिलकुल नहीं हिचकेंगे।

Scroll to Top