147 Views

फ्रेंच ओपन : सेमीफाइनल में पहुंचे ज़्वेरेव

पेरिस ०९ जून। एलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव ने फ्रेंच ओपन २०२३ के क्वार्टरफाइनल में अर्जेंटीना के टॉमस मार्टिन एचवेरी को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जर्मनी के २२वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने कोर्ट फिलिप चैट्रियर पर एचवेरी को ६-४, ३-६, ६-३, ६-४ से मात दी। सेमीफाइनल में उनका सामना होल्गर रूने या कैस्पर रूड में से किसी एक से होगा।
ज़्वेरेव ने जीत के बाद कहा, दिन के दौरान परिस्थितियां मेरे लिये काफी बेहतर होती हैं। गेंद बहुत तेज है और ऊंची उछलती है। मुझे मिट्टी पर खेलना पसंद है और दिन में स्थिति बेहतर होती है। मैं रोलां गैरो के सेमीफाइनल में हूं और मैं इससे खुश हूं।
ज़्वेरेव पिछले साल भी रोलां गैरो के सेमीफाइनल में पहुंचे थे, लेकिन तब वह राफेल नडाल के खिलाफ मुकाबले के दौरान एड़ी में चोट लगने के कारण रिटायर हो गये थे। छह महीने तक कोर्ट से दूर रहने के बाद ज़्वेरेव ने जनवरी में दोबारा रैकेट उठाया और धीरे-धीरे अपनी लय हासिल की। ज़्वेरेव ने कहा, पिछला एक साल मेरे जीवन का सबसे कठिन साल था। मैं टेनिस से बेहद प्यार करता हूं और मुझसे मेरी प्रतिस्पर्धा छीन ली गयी थी। मैं इस मुकाम पर वापस आकर बहुत खुश हूं।

Scroll to Top