इस्लामाबाद,०९ जून। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को एक वकील की हत्या के मामले में अभियुक्त बनाया गया है। इमरान ने इस आरोप को ‘मूर्खतापूर्ण’ बताया है। वकील अब्दुल रज्जाक शार की हत्या मंगलवार को बलूचिस्तान के क्वेटा में हाई कोर्ट जाते समय हत्या कर दी गई थी। उन्हें उनकी कार में दस गोलियां मारी गईं, जिनसे उनकी मौके पर मौत हो गई। शार ने इमरान खान पर देशद्रोह के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इसलिए यह केस बनाया गया है कि उनकी हत्या कराने में पूर्व प्रधानमंत्री का हाथ है।
मामला शार के बेटे सिराज अहमद ने दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया है कि उनकी पिता के हत्या के लिए इमरान खान ने हत्यारों को उकसाया। यह हत्या इसलिए हुई, क्योंकि उनके पिता ने पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया था। अहमद ने आरोप लगाया है कि जब से उनके पिता ने इमरान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, तब से उन्हें धमकियां मिल रही थीं।



