172 Views

भारत में ही बनेंगे ९२८ रक्षा उत्पाद, सेना के बचेंगे ७१५ करोड़ रुपए

नई दिल्ली १५ मई। आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत देश में ही रक्षा उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत रक्षा विभाग ने ९२८ उत्पादों की एक लिस्ट जारी की है, जिनका अब भारत में ही निर्माण किया जाएगा। इन उत्पादों के विदेशों से आयात पर अगले पांच से साढ़े पांच साल में प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि इस लिस्ट को जारी करने का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देश में ही रक्षा उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देना है।
रक्षा मंत्रालय ने दिसंबर २०२३ से लेकर दिसंबर २०२८ तक इन ९२८ उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाने की समय सीमा तय की है। इससे पहले रक्षा मंत्रालय ने तीन और ऐसी लिस्ट जारी की थी। ये लिस्ट दिसंबर २०२१, मार्च २०२२ और अगस्त २०२२ में जारी की गईं थी। अभी तक २,५०० उत्पादों का घरेलू उत्पादन शुरू हो चुका है और तय समयसीमा में ही १,२३८ उत्पादों का भी देश में उत्पादन शुरू करने की योजना है।
मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि रक्षा मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मंत्रालय ने ९२८ रणनीतिक रूप से अहम उत्पादों की लिस्ट जारी की है, जिनका अभी देश में ही निर्माण किया जाएगा। अभी इन उत्पादों के आयात पर करीब ७१५ करोड़ रुपए खर्च होते हैं।

Scroll to Top