160 Views

पियर्सन हवाईअड्डे पर विमान के इंजन में लगी आग

टोरंटो,११ मई। मंगलवार रात टोरंटो पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वेस्टजेट विमान के इंजन में आग लग गई। कंपनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
एडमोंटन से वेस्टजेट की एक फ्लाइट मंगलवार रात ९ बजे से ठीक पहले टोरंटो के टर्मिनल ३ पर सुरक्षित उतरी। हालांकि, लैंडिंग के समय विमान के टेल पाइप में मामूली आग लग गई। एयरलाइन ने कहा कि चालक दल के सदस्यों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सामान्य रूप से विमान से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस दौरान आपातकालीन कर्मचारियों को बुलाया गया था, लेकिन इसकी आवश्यकता नहीं थी। आग लगने का कारण अभी भी अज्ञात है और प्रभावित विमान को सेवा से हटा लिया गया है। वेस्टजेट एयरलाइंस ने आश्वासन दिया है कि वह अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं करेंगे।

Scroll to Top