168 Views

विद्युत जामवाल की आईबी७१ को मिला यू/ए सर्टिफिकेट, १२ मई को दर्शकों के बीच आएगी फिल्म

मुंबई,११ मई। अभिनेता विद्युत जामवाल काफी समय से फिल्म आईबी७१ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसमें अभिनेता अनुपम खेर भी अहम भूमिका में हैं। यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि यह विद्युत की प्रोडक्शन कंपनी एक्शन हीरो फिल्म्स की पहली फिल्म है। आईबी७१ को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट देकर पास कर दिया है। इसका मतलब है कि इस फिल्म को बच्चे बड़ों की निगरानी में देख सकते हैं। यह फिल्म १ घंटा, ५९ मिनट और ३७ सेकंड की होगी।
आईबी७१ १२ मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। इसमें अनुपम और विद्युत के अलावा विशाल जेठवा भी है। इसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संकल्प रेड्डी ने किया है। आईबी७१ भारतीय खुफिया एजेंसियों और पाकिस्तानी एजेंसियों के बीच दो मोर्चों पर युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती है। विद्युत फिल्म में अंडरकवर एजेंट देव जामवाल की भूमिका अदा करने वाले हैं। आईबी७१ के अलावा विद्युत फिल्म शेर सिंह राणा में नजर आने वाले हैं।
आईबी७१ इंटेलिजेंस अफसर के खुफिया मिशन पर आधारित है, जो पाकिस्तान में घुसकर उसके इरादों को नेस्तनाबूत कर देता है। इस किरदार को विद्युत जामवाल ने निभाया है। विद्युत जिस तरह के एक्शन करते हैं, उसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म के एक्शन सीन का स्तर क्या होगा। बहरहाल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में देव जामवाल की भूमिका निभाने के लिए विद्युत को २.५ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
फिल्म में अनुपम आईबी चीफ एनएसी अवस्थी की दमदार भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर में इसकी झलक दिख चुकी है।
आईबी७१ को विद्युत के प्रोडक्शन हाउस एक्शन हीरो फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। विद्युत ने पहली बार किसी फिल्म के प्रोडक्शन का काम भी संभाला है। विद्युत ने २०२१ में बॉलीवुड में १० साल पूरे होने पर अपने प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की थी। उन्होंने आईबी७१ की घोषणा कर कहा था कि इसके जरिए वह प्रोडक्शन की दुनिया में एक अद्भुत सफर तय करने जा रहे हैं।

Scroll to Top