अमृतसर,११ मई। पंजाब को अशांत करने की नापाक हरकतें जारी हैं। अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के करीब ५ दिन में तीसरी बार ब्लास्ट हुआ। यह ब्लास्ट स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के करीब रात १२:१० बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। स्वर्ण मंदिर प्रबंधन समिति ने तुरंत इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस ने वहां पहुंचकर धमाके वाली जगह को सील कर दिया।
इसी बीच श्री हरिमंदिर साहिब के पास हेरिटेज स्ट्रीट में हुए लगातार तीन धमाकों के पांच कथित आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि पुलिस पिछले पांच दिन से आरोपितो तक पहुंचने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही थी। पता चला है यह सफलता पुलिस को बुधवार की आधी रात हुए तीसरे धमाके के बाद मिली है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी है।
पकड़े गए पांच आरोपितों के कब्जे से विस्फोटक बरामद किए गए हैं। धमाके के पीछे का मकसद शांति भंग करना था। ब्लास्ट में पटाखों में इस्तेमाल विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था।
एसजीपीसी के प्रधान हरजिंदर धामी ने कहा कि घटना के समय की सारी फ़ुटेज खंगाली गईं। इसके बाद धमाका करने वालों की पहचान की गई। धमाका करने के बाद ये बरामदे में जाकर सो गए थे। वहीं से उन्हें हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के बाद सराय में रुके विवाहित जोड़े को भी हिरासत में लिया गया है। इन सबको पुलिस ले गई है।



